टीटीजेड की बैठक लेते मंडलायुक्त।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सिविल एयर टर्मिनल का विस्तार किया जाएगा। रनवे, टैक्सी ट्रैक, एयरक्राफ्ट पार्किंग और टैक्सी ट्रैक की कनेक्टिविटी सहित विस्तारीकरण में शामिल अन्य कार्यों का प्रस्ताव बृहस्पतिवार को ताज ट्रेपेजियम जोन प्राधिकरण की 65वीं बोर्ड बैठक में पास हो गया। साथ ही, मथुरा में यमुना घाट पर रिवर फ्रंट विकसित करने को हरी झंडी मिल गई है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के डीजीएम ने टीटीजेड में टर्मिनल विस्तार की अनुमति प्रदान करने के लिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा था। मंडलायुक्त को बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, आगरा विकास प्राधिकरण से अनापत्ति मिल चुकी है। टीटीजेड से अनापत्ति मिलना शेष है। मंडलायुक्त ने सभी विभागों से अनुमति मिलने की शर्त पर टीटीजेड में टर्मिनल विस्तार पर सहमति जताई है।
विस्तारीकरण के लिए अन्य विभागों से भी विमानपत्तन प्राधिकरण को अनुमति लेनी होंगी। विस्तृत चर्चा के बाद इस प्रतिबंध के साथ मंडलायुक्त ने स्वीकृति प्रदान की कि नीरी सहित अन्य अनुमतियां प्राप्त करने के बाद ही काम शुरू किया जाएगा।
उधर, मथुरा में यमुना रिवर फ्रंट विकसित करने का प्रस्ताव पास हुआ। यमुना घाटों का पुनरोद्धार किया जाएगा। रिवर फ्रंट के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन से अनुमति मिल चुकी है। पर्यावरण प्रभाव की समीक्षा और सभी विभागों से अनुमतियां मिलने की शर्त पर मंडलायुक्त ने प्रस्ताव पास किया है। निर्देश दिए है सीएंडडी वेस्ट मैनेजमेंट रूल का पालन किया जाए। जो अपशिष्ट निकले उसका उचित निस्तारण किया जाए। बैठक में एडीएम वित्त शुभांगी शुक्ला आदि अधिकारी मौजूद रहे।