लेडी लाल अस्पताल में जांच करने के लिए पहुंची गर्भवती महिलाएं स्त्रोत
आगरा। दिवाली के समय आतिशबाजी और धुएं से फैली प्रदूषित हवा का असर अब गर्भवती महिलाओं की सेहत पर दिख रहा है। वायु प्रदूषण के कारण सांस लेने में दिक्कत और एलर्जी की समस्या को लेकर महिलाएं में जिला महिला चिकित्सालय पहुंच रही हैं। प्रदूषित हवा और धुएं के इस गंभीर प्रकोप से गर्भ में पल रहे शिशुओं के स्वास्थ्य पर भी संकट के बादल मंडरा सकते हैं।
लेडी लॉयल अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ममता किरण ने बताया कि प्रदूषण के इस दौर में हवा में ऑक्सीजन का स्तर कम और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैसों की मात्रा बढ़ जाती है। इसके चलते गर्भवती महिलाओं में सांस फूलना, घबराहट और सीने में जकड़न जैसी दिक्कत महसूस हो सकती हैं। प्रदूषण से गर्भ में पल रहे बच्चों के विकास पर बुरा असर पड़ सकता है। इससे निमोनिया का खतरा, प्रीमेच्योर लेबर पेन (समय से पहले प्रसव पीड़ा), और समय से पूर्व डिलीवरी जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ सकती हैं। समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों का शारीरिक विकास प्रभावित होने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य जटिलताएं हो सकती हैं। वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आशु ने भी महिलाओं को इस मौसम में खास एहतियात बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण के स्तर को देखते हुए गर्भवती महिलाओं को अत्याधिक बाहर निकलने से बचना चाहिए और पूरी सतर्कता रखनी चाहिए। संवाद
- पटाखों के धुएं और प्रदूषित हवा के कारण सांस लेने में परेशानी और अजीब सी घबराहट महसूस हो रही थी। इसलिए जांच कराने अस्पताल आई हूं। काजल, धनौली
- नौवां महीना अभी लगा नहीं उससे पहले ही प्रसव पीड़ा हो रही है जिसके कारण अस्पताल में जांच के लिए आई। खुशी, सेवला
बरतें सावधानी
पटाखों के धुएं और अत्यधिक प्रदूषण वाले इलाकों में जाने से बचें।
घर से बाहर निकलते समय मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे।
सांस फूलने या घबराहट होने पर जल्द डॉक्टर से संपर्क करें और अपनी नियमित जांच में किसी प्रकार की कोताही न बरतें।