कासगंज। जिले में रसोई गैस की अवैध रिफिलिंग का कारोबार काफी समय से फल फूल रहा है। बीते दिनों सहावर में अवैध रिफिलिंग के दौरान आग लगने की घटना भी हो चुकी है। इस हादसे के बाद विभाग अलर्ट हो गया है। धुमरी रोड सिढपुरा में आपूर्ति विभाग ने अवैध रिफिलिंग कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान 50 सिलिंडर व रिफिलिंग करने के सामान बरामद हुआ, जिसे टीम ने जब्त कर लिया। आपूर्ति विभाग को सिढ़पुरा में अवैध रिफिलिंग के कारोबार होने की सूचना मिली। इसके आधार पर जिला आपूर्ति अधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने अवैध रिफिलिंग करने वाले कारोबारी श्रीपाल और बल्लू मिश्रा के प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान कारोबारी की दुकान से 50 सिलिंडर बरामद हुए। इसमें रसोई गैस के 32 सिलिंडर भरे थे, जबकि 21खाली मिले। एक साथ इतनी बड़ी तादाद में सिलिंडर मिलने पर अधिकारी चौंक गए। अधिकारियों ने सिलिंडर व अन्य सामान जब्त कर लिया। पुलिस टीम के साथ छापामार कार्रवाई की गई, जिससे खलबली मच गई। काफी संख्या में लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। टीम मेंं आपूर्ति निरीक्षक अनिल कुमार, सप्लाई इंस्पेक्टर राम सरन, अमन, सौरभ आदि मौजूद रहे।
अवैध रिफिलिंग करने वाले कारोबारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर इस कारोबार पर अंकुश लगाया जाएगा।
संजय कुमार जिला आपूर्ति अधिकारी