आगरा। ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर अवैध वसूली का मामला थम नहीं रहा है। लोगों का आरोप है कि स्टेशन परिसर में सक्रिय पार्किंग ठेकेदार वाहन चालकों से निर्धारित शुल्क से ज्यादा रकम वसूल रहे हैं।
पीड़ित टेंपो ट्रैवलर चालक रामनिवास चौधरी ने बताया कि वह जयपुर से आगरा पर्यटकों को लेकर आए थे। उन्होंने ताजमहल की पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर दी। तभी वहां पार्किंग कर्मचारी आया और उसने 200 रुपये की पर्ची काटकर उन्हें थमा दी।
उनके विरोध करने पर ठेेकेदार के अन्य लोग भी आ गए और मजबूरी में चालक को उन्हें 200 रुपये देने पड़े। चालक ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से भी की थी लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
मेट्रो के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। मामला सही पाए जाने पर पार्किंग ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्किंग के अंदर दोपहिया वाहनों के लिए 10 रुपये और चार पहिया वाहनों के लिए 20 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। साथ ही पार्किंग के नोटिस बोर्ड पर सहायता नंबर लिखा हुआ है। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। संवाद