कासगंज। डीजल देने से मना करने पर एक युवक की पिटाई कर दी गई। घटना में 11 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना पटियाली में एक युवक ने 11 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजा का रामपुर के मोहल्ला मिश्राई निवासी सुबोध कुमार का आरोप है कि वह पांच नवंबर को गांव नगला कलुआ के हमारा पंप नाम के एक पेट्रोल पंप पर बैठा हुआ था। इस दौरान पटियाली थाना क्षेत्र के नगला किन्नर निवासी अमर सिंह, भीमपाल, कृपाल सिंह, प्रदीप, गौरव, सिंटू, रविंद्र, बृजेश, धर्मेंद्र, चंद्रपाल, सुखपाल वहां आए।
इन लोगों ने डीजल मांगा। पेट्रोल पंप पर डीजल न होने के कारण इन लोगों को डीजल देने से मना कर दिया गया। इस पर इन सभी 11 आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। वहां मौजूद लोगों ने घटना का बीच-बचाव किया। सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना के संबंध में सुबोध कुमार ने पटियाली थाने में 11 के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटियाली थाना प्रभारी अनिल दिवाकर ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।