मैनपुरी। आधार कार्ड में गड़बड़ी मिलने और समय पर अपडेट नहीं होने पर सामूहिक विवाह के लिए तैयारियां कर रही भावी जोड़ों के लिए शादी के फेेरे लेना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में आधार कार्ड का अपडेट होना जरूरी है। शासन की नई व्यवस्था के तहत सामूहिक विवाह समारोह में बायोमेट्रिक हाजिरी के साथ ही फेस अटेंडेंस भी लगेगी। समाज कल्याण विभाग की ओर से 21 नवंबर को 452 गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। जनपद में समाज कल्याण विभाग ने 21 नवंबर को नुमाइश पंडाल में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन सुनिश्चित किया है। इस बार 452 पंजीकृत जोड़े फेरे लेंगे। शासन की नई व्यवस्था के तहत बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम से लाभार्थियों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी। विवाह के लिए आने वाले जोड़ों की बायोमेट्रिक और फेस अटेंडेंस से ही पहचान होगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि विवाह आयोजन स्थल पर पंजीकृत जोड़ों की पहचान बायोमेट्रिक और फेस प्रमाणीकरण के माध्यम से की जाएगी। यह व्यवस्था पारदर्शी, सुव्यवस्थित और फर्जीवाड़ा रहित बनाने की दिशा में उठाया गया है। कहा कि जिन आवेदकों के आधार कार्ड में पुरानी या अस्पष्ट फोटो हैं, उन्हें प्रमाणीकरण में परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी लाभार्थियों से अपील है कि वे समय रहते अपने आधार कार्ड में फोटो, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण अपडेट करा लें जिससे हाजिरी के दौरान किसी तरह की तकनीकी बाधा का सामना नहीं करना पड़े। जिलाधिकारी अंजनी कुमार इस संबंध में 17 नवंबर को बैठक कर सामूहिक विवाह के आयोजन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।