आगरा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और अब कमेंट्री की दुनिया में अपनी धाक जमा रहीं प्रीति डिमरी के लिए सूरत में आयोजित इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) सीजन-3 एक ऐसा पल लेकर आया, जिसे वह ताउम्र नहीं भूल सकेंगी। कमेंट्री बॉक्स में दिग्गजों के साथ सुर मिला रहीं प्रीति ने जब सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से अपनी मां की एक पुरानी और मीठी याद साझा की, तो बिग बी मुस्कुरा उठे।
प्रीति डिमरी की मां, जिनका हाल ही में निधन हुआ है, अमिताभ बच्चन की बहुत बड़ी प्रशंसक थीं। प्रीति ने मुलाकात में अमिताभ को बताया कि घर में जब माता-पिता में नोकझोंक होती थी तो उनकी मां, पिता से कहती थीं कि अगर मेरी शादी आपसे नहीं होती तो मैं अमिताभ बच्चन से शादी करती।
यह सुनते ही महानायक के चेहरे पर मुस्कान तैर गई। उन्होंने प्रीति की मां के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया। प्रीति के लिए यह क्षण इसलिए भी खास था कि इसमें उनकी मां की यादें और उनके पसंदीदा सितारे का साथ, दोनों शामिल थे।
कमेंट्री बॉक्स में बिखेरा जलवा
टूर्नामेंट में प्रीति डिमरी टीवी कमेंट्रेटर की भूमिका में नजर आईं। उन्होंने पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ और स्पिनर मनिंदर सिंह जैसे दिग्गजों के साथ मंच साझा किया। अपनी दमदार आवाज और खेल की गहरी समझ से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया।
सितारों से सजी रही लीग
आईएसपीएल के इस सीजन में अमिताभ बच्चन के अलावा अक्षय कुमार, सलमान खान, अजय देवगन और दक्षिण भारतीय सुपरस्टार सूर्या जैसी हस्तियां अपनी टीमों का हौसला बढ़ाने पहुंची थीं। आगरा की बेटी प्रीति डिमरी ने न केवल खेल के मैदान पर बल्कि अब माइक संभालकर भी शहर का नाम रोशन किया है।