मैनपुरी। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर मंगलवार को नगर पालिका के सभागार में अधिशासी अधिकारी ने सफाई इंस्पेक्टर और सफाई नायकों के साथ बैठक की। अधिशासी अधिकारी ने सफाई नायकों को चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में गंदगी पाई जाती है तो संबंधित सफाई नायक की जिम्मेदारी मानते हुए उस पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लालचंद भारती ने नगर पालिका सभागार में सफाई नायकों और सफाई इंस्पेक्टरों को निर्देश दिए कि वे शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। किसी भी वार्ड में गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। शीघ्र ही सभी वार्डों का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण में यदि किसी वार्ड में गंदगी मिली तो संबंधित सफाई नायक को जिम्मेदार मानते हुए उस पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी ने सफाई इंस्पेक्टर शिशुपाल सिंह और ओमप्रकाश सिंह को निर्देश दिए कि वे शहर की सफाई व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण करें। जहां भी दिक्कतें आ रही हैं वहां सफाई नायकों की जिम्मेदारी तय करें। यदि कोई सफाई नायक या सफाई कर्मचारी सही से कार्य नहीं कर रहा है तो उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं जिससे कि उस पर कार्रवाई की जा सके।