आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण की कदमताल के बीच नगर निगम अब पान-मसाला की दुकानों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। सर्वे में निगम ने पाया कि पान-मसाला की दुकान के आसपास ज्यादा गंदगी रहती है।
व्यस्त बाजार, चौराहे और रिहायशी इलाकों में स्थित ऐसी दुकानों के आसपास दीवारें, नालियां और सड़कें गंदगी से पटी रहती हैं। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने सभी एसएफआई और जेडएसओ को ऐसी दुकानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि जल्द ही एक विशेष अभियान शुरू होगा। दुकानदारों को प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। नियमों का पालन न करने पर जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।