मथुरा। कुंभ मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाते जेसीबी।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। सोमवार को एक बार फिर कुंभ मेला बैठक की तैयारियों में जुटे प्रशासन ने गरीबों की दर्जन भर झोंपड़ियों को तहस-नहस कर दिया। इसका विरोध कर रहे लोगों को पुलिस और नगर निगम के सुरक्षाकर्मी ने रोक दिया। प्रभावित लोगों का आरोप था कि झोपड़ियों के सामने मेला क्षेत्र में पक्का निर्माण नहीं हटाया गया है।
मांट तहसील अंतर्गत सोमवार को वृंदावन परिक्रमा मार्ग से सटे कुंभ मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए तहसील और नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची। यहां तहसील के लेखपाल और नगर निगम के कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से सुदामा कुटी के सामने बनी दर्जनभर झोंपड़ियों को तुड़वा दिया। इसका पीड़ित परिवारों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल के आगे एक नहीं चली।
प्रभावित लोगों में शामिल विष्णु का कहना है कि प्रशासन पक्षपात कर रहा है। गरीबों की झोपड़ियों को तोड़ा जा रहा है, जबकि पक्का अतिक्रमण बरकरार है। इस संदर्भ में अतिक्रमण हटाने का नेतृत्व कर रहे एआरओ ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि अस्थाई और स्थाई अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया अलग-अलग है।