नौकरी का झांसा देकर महिला को अपनी बातों में फंसा लिया। आरोप है कि महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
कासगंज के सोरोंजी पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। आरोपी महिला को ब्लैकमेल कर रहा था और उसने महिला से नौकरी के नाम पर रुपये भी ठगे।
विज्ञापन
पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी कौशल किशोर पांडे उसके पति का दोस्त था। वह घर आता-जाता था। पति एक भट्ठे पर मजदूरी करता था। आरोपी कौशल ने महिला को नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख 20 हजार रुपये देने की मांग की और उसको दुष्कर्म का शिकार बनाया। महिला ने आरोपी को 1 लाख 9 हजार रुपये दे दिए। रुपये मिलने के बाद आरोपी महिला को ब्लैकमेल करने लगा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसके मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजता था और धमकी देता था। महिला ने मामले की शिकायत सोरोंजी कोतवाली पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है। सीओ सिटी दीप कुमार पंत ने बताया कि आरोपी कौशल पांडे को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।