फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में बड़ी वारदात: पत्नी की हत्या कर पति ने घर में जला दी लाश, यमुना में बहा दी अस्थियां; राख भी न मिली

Wed, 30 Sep 2026 08:16 PM IST
Arun Parashar संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा

सार

यूपी के आगरा जिले में सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पति ने अपनी पत्नी को माैत के घाट उतारकर शव को घर में जला दिया। इसके बाद राख और अस्थियां यमुना में बहा दीं। पुलिस पति से पूछताछ में जुटी है।
विज्ञापन
महिला का फाइल फोटो। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र मे बुधवार को पति-पत्नी के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली वारदात ने हर किसी को झकझोर दिया। थाना क्षेत्र के गांव कुकथला में एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर उसके शव को घर के पीछे बने टिनशेड में मंगलवार शाम को जला दिया गया। आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए पति ने शव को आग के हवाले किया और बाद में अस्थियां आगरा ले जाकर यमुना में विसर्जित कर दीं। वारदात पर पर्दा डालने के लिए आरोपी पति ने थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत भी दे दी। मायके वालों की लगातार शिकायत और पुलिस की जांच के बाद मामले की परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने आरोपी पति लोकेन्द्र को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन

 

कुकथला निवासी लोकेन्द्र की शादी 2022 में अकबरा निवासी चांदनी से हुई थी। दोनों की दो वर्ष की बेटी है। मृतका के परिजनों के अनुसार लोकेन्द्र आए दिन चांदनी से मारपीट करता था। चांदनी के लापता होने के बाद आरोपी पति ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी। उधर, मंगलवार को मृतका के भाई मनोज ने भी अछनेरा थाने पहुंचकर बहन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और उसकी तलाश की गुहार लगाई। मायका पक्ष लगातार पुलिस से बेटी का पता लगाने की मांग करता रहा। बुधवार को पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घर और आसपास की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक गहराता चला गया। 

 

टिनशेड में जलाया शव, फिर अस्थियां भी ठिकाने लगाईं
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। आरोप है कि चांदनी की हत्या करने के बाद उसके शव को घर के पीछे बने टिनशेड में जलाया गया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अस्थियों को आगरा ले जाकर यमुना में विसर्जित कर दिया गया। शव का इस तरह से ठिकाना लगाए जाने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

 
विज्ञापन

भाई ने दी तहरीर, वजह तलाश रही पुलिस
मृतका के भाई मनोज निवासी अकबरा, थाना सिकंदरा ने अछनेरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मायका पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी पति लोकेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह ने बताया आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें