भोगांव। नवोदय छात्रा की हत्या व दुष्कर्म मामले में मंगलवार को मानवाधिकार की छह सदस्यीय टीम ने करीब तीन घंटा तक विद्यालय में अलग अलग शिक्षकों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।
भोगांव क्षेत्र के नवोदय विद्यालय की एक 11 वीं छात्रा का शव 16 सितंबर 2019 को छात्रावास के बरामदा में फंदे पर लटका मिला था। इस मामले में वर्तमान में एडीजी भानू भास्कर के निर्देशन में गठित एसआईटी जांच कर रही है। पूर्व प्रधानाचार्या सुषमा सागर छात्रा को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में जेल में निरुद्ध हैं। लेकिन अभी तक दुष्कर्म का आरोपी एसआईटी ढूंढ नहीं सकी है। सोमवार को मानवाधिकार आयोग से एक छह सदस्यीय टीम को जांच के लिए भेजा गया है। मंगलवार को टीम ने विद्यालय में करीब तीन घंटा तक शिक्षकों से अलग अलग बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही घटनास्थल व परिसर के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम के कुछ सदस्यों ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई।