ताजमहल पर रविवार को पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। लगभग 30 हजार पर्यटकों ने ताज का दीदार किया। पर्यटकों को पहले टिकट खिड़की पर जद्दोजहद करनी पड़ी। इसके बाद प्रवेश द्वारों पर धक्के खाने पड़े। भीड़ का दबाव बढ़ने से टर्न स्टाइल गेट पर भी व्यवस्थाएं फेल रहीं।
ताजमहल पर रविवार को सुबह से ही पर्यटकों की भीड़ का आना शुरू हो गया। दोपहर दो बजे तक दोनों गेटों पर पर्यटकों की लंबी कतारें लग गईं। पूर्वी गेट की टिकट खिड़की पर शून्य कीमत के टिकट लेने और टोकन के लिए भारतीय पर्यटकों की लाइनों में मारामारी मची हुई थी।
विदेशी टिकट खिड़की पर गाइड और टूर आपरेटर अपने ग्रुपों के टिकट के लिए लाइन में लगे हुए थे। दिल्ली से आए अचिंत्य कुमार ने बताया कि यहां टिकट खिड़की पर एक घंटे से खड़े हैं, लेकिन मारामारी मची हुई है।