कासगंज। जिले में बुधवार को शीतला मंदिरों में बासौड़ा पूजन हुआ। इससे मंदिरों में भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने माता को बासी पकवानों का भोग लगाकर अपने बच्चों व परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों के पास लगे मेले का बच्चों-बड़ों सभी लुत्फ उठाया। शीतला माता पूजन (बासौड़ा) को महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। पूजा के लिए एक दिन पहले ही पकवान तैयार कर लिए गए। ब्रह्म मुहूर्त के साथ ही महिलाएं अपने बच्चों को साथ लेकर शीतला मंदिरों पर पहुंची। जिला मुख्यालय के सोरों गेट, बिलराम गेट चौराहा, बस स्टैंड, गांधी मूर्ति क्षेत्र के मंदिरों पर पूजा-अर्चना की गई। बड़ी संख्या में महिलाओं के मंदिरों पर पहुंचने से काफी भीड़भाड़ हो गई। मंदिरों के आसपास चाट- पकौड़े वाले भी सक्रिय नजर आए। दोपहर तक मंदिरों में भीड़ बनी रही। शीतला माता को चेचक, खसरा सहित अन्य त्वचा संबंधी रोगों की देवी माना जाता है। इनके रुष्ट होने पर त्वचा संबंधी रोग हो जाते हैं। चैत्र के मास में इन रोगों के सबसे अधिक फैलने की आशंका रहती है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन देवी के पूजन से परिवार को स्वास्थ्य और त्वचा संबंधी रोग नहीं होते हैं।