आगरा के ऋतिक शर्मा ने पांडिचेरी प्रीमियर लीग में दिखाई संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी।
आगरा। पांडिचेरी प्रीमियर लीग में आगरा के युवा क्रिकेटर ऋतिक शर्मा ने 23 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली लेकिन अपनी टीम माहे स्ट्राइकर्स को जीत नहीं दिला सके। सीचेम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में विलियानूर मोहित किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में माहे स्ट्राइकर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 149 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे आगरा के ऋतिक शर्मा ने 28 गेंदों का सामना करते हुए 23 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल रहा। ऋतिक अपनी टीम के दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। स्ट्राइकर्स की ओर से डोनावन विल्सन ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। दूसरी ओर विलियानूर मोहित किंग्स के आकाश पुगझांथी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।