आगरा। पुडुचेरी प्रीमियर लीग-2026 में माहे स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए आगरा के ऋतिक शर्मा ने महज 34 गेंदों में 62 रन की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। पांच चौकों और पांच छक्कों से सजी इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 182.35 रहा। हालांकि उनकी शानदार बल्लेबाजी के बावजूद माहे स्ट्राइकर्स की टीम विलियानूर मोहित किंग्स के खिलाफ 29 रन से मुकाबला हार गई। सीचेम स्टेडियम, पुडुचेरी में खेले गए मुकाबले में विलियानूर मोहित किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 241 रन का स्कोर बनाया। जवाब में माहे स्ट्राइकर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे आगरा के ऋतिक शर्मा ने शानदार जवाबी हमला बोला। ऋतिक ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने 34 गेंदों में 62 रन की पारी में पांच चौके और पांच छक्के जड़ते हुए टीम को जीत की उम्मीद दिलाई। हालांकि 12वें ओवर में उनके आउट होते ही टीम की पारी बिखर गई और माहे स्ट्राइकर्स 19.4 ओवर में 212 रन पर सिमट गई।