मैनपुरी। वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण अभियान गति नहीं पकड़ पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक लाख डोज की डिमांड भेजी गई थी, जिसके सापेक्ष सिर्फ 35 सौ डोज सोमवार को मिल पायीं।
कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए एक से 31 जुलाई तक वृहद टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जिला स्तर पर कई चरणों में प्रशिक्षण देकर टीकाकरण की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। डोर टू डोर जागरूकता के साथ टीकाकरण कराया जाना था, लेकिन पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन न मिलने के कारण अभियान दम तोड़ता दिख रहा है। एक माह में 6.20 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जानी थी, लेकिन 12 दिन में 72 हजार लोगों को ही वैक्सीन लगाई जा सकी है।
20 हजार लोगों को प्रतिदिन लगनी थी वैक्सीन
वृहद टीकाकरण कार्यक्रम के तहत जिले में प्रतिदिन 20 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। पिछले 12 दिनों में एक भी दिन लक्ष्य के सापेक्ष 50 प्रतिशत भी टीकाकरण नहीं किया जा सका है।
सीएमओ ने उच्चाधिकारियों को लिखा पत्र
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने जिलाधिकारी सहित उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर प्रतिदिन 25 हजार डोज वैक्सीन उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
पंजीकरण के बाद भी नहीं लग पाई वैक्सीन
सोमवार को 20 हजार के सापेक्ष मात्र 3500 वैक्सीन मिल सकीं। जिसके चलते 40 अस्थाई सत्र पूरी तरह से बंद रहे। जिले के स्थाई सत्रों पर भी दोपहर बाद प्रथम डोज देना बंद कर दिया गया। दूसरी डोज ही लगाई गई। पंजीकरण कराने के बाद भी वैक्सीन नहीं लग पाने से लोगों को निराश लौटना पड़ा।
चार दिन से टीका लगवाने जिला अस्पताल जा रहा हूं। हर बार वैक्सीन न होने की बात कही जा रही है। आज भी आया तो बताया केवल दूसरे डोज वालों के लिए वैक्सीन है। कृष्ण कांत मिश्रा, मिश्राना
जिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाने गया था। बताया वैक्सीन की कमी चल रही है, पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध होने पर पहला डोज लगाया जाएगा। केवल दूसरी डोज लग रही है। योगेंद्र सिंह, बैंक कॉलोनी
वैक्सीन की कमी के चलते वृहद टीकाकरण अभियान प्रभावित हो रहा है। जितनी वैक्सीन मिल रही है उसके हिसाब से टीकाकरण कराया जा रहा है। उच्चाधिकारियों को पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा गया है।
डॉ. एके पांडेय, सीएमओ