आगरा। ताज पर हर दिन भारतीय और विदेशी सैलानी गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर रहे हैं। हर दिन 8 से 10 सैलानियों की तबीयत खराब हो रही है। ऐसे में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने पर्यटकों को लू के प्रति जागरूक करने के लिए प्रवेश द्वार पर बोर्ड लगाए हैं। इस पर लू से कैसे बचें, इसकी जानकारी दी गई है।
ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर लगाए गए इन बोर्ड में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने पर्यटकों से कहा है कि प्यास न लगने पर भी बार-बार पानी पीएं ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। धूप से बचाव के लिए सिर को ढककर रखने की सलाह दी गई है। ताजमहल में छायादार मार्ग से निकलें और बीच-बीच में आराम करते रहें। दोपहर के अत्यधिक गर्म समय (दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक) में भ्रमण से बचने की अपील की गई है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
यदि किसी भी पर्यटक को थकान, चक्कर आना या अस्वस्थ महसूस हो, तो वे तुरंत सहायता प्राप्त करें। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर बिंद ने बताया कि परिसर के भीतर ही प्राथमिक उपचार की व्यवस्था है। एएसआई ने ओआरएस, ठंडा पानी और कुछ दवाओं की भी व्यवस्था की है।