निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खाली पड़े अधिकांश मकानों पर लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। ब्लॉक 6-बी के भवन संख्या-1 में कब्जाधारी की मौजूदगी में उसका सामान बाहर निकलवा कर परिषद ने अपना ताला लगा दिया।
आगरा के कालिंदी विहार फेज-1 स्थित कांशीराम आवास योजना में शुक्रवार को अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ आवास विकास परिषद ने बड़ी कार्रवाई की। परिषद के अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार सिंह के निर्देश पर चले विशेष अभियान में प्रवर्तन दल ने 11 मकानों पर अपने ताले जड़ दिए।
विज्ञापन
अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जीएम खान और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। कर्नल खान ने बताया कि परिषद ने करीब 13 वर्ष पूर्व 23 ब्लॉकों में कुल 360 मकानों का निर्माण कराया था। इनमें से डूडा की ओर से 145 मकानों का आवंटन कर लाभार्थियों को कब्जा दिया जा चुका है, जबकि 215 मकान अब भी आवंटन की प्रतीक्षा में हैं।
कार्यदायी संस्था होने के नाते परिषद इन भवनों को डूडा को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया में है ताकि पात्र आवास विहीन लोगों को इनका आवंटन हो सके। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खाली पड़े अधिकांश मकानों पर लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। ब्लॉक 6-बी के भवन संख्या-1 में कब्जाधारी की मौजूदगी में उसका सामान बाहर निकलवा कर परिषद ने अपना ताला लगा दिया। अन्य ब्लॉकों के अवैध कब्जाधारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए दो दिनों के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन
अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाया गया, तो मजिस्ट्रेट की सहायता से सख्त कानूनी कार्रवाई कर सामान बाहर फिंकवा दिया जाएगा। इस दौरान ट्रांस यमुना थाना पुलिस, सहायक अभियंता गजेंद्र सिंह, मयंक कौशिक और अवर अभियंता सुनील यादव सहित परिषद का फील्ड स्टाफ मौजूद रहा।