एटा के जैथरा कस्बे में रविवार शाम को एक मकान में धमाका हो गया। इससे मकान धराशायी हो गया और आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास की छह दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना पाकर पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि मकान में आतिशबाजी रखी थी। घटना के बाद आतिशबाजी बनाने वाला व्यक्ति फरार हो गया।
जैथरा निवासी मीरखां ने अलीगंज रोड पर किराये पर मकान लिया है। वो मकान के एक कमरे में आतिशबाजी तैयार करने का काम करता है। रविवार शाम को अचानक कमरे में धमाका हुआ और मकान धराशायी हो गया। धमाका इतना तेज था कि पास की छह दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। धमाका होने के साथ ही मकान में आग लग गई।
धमाकों की आवाज सुनकर जैथरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही दमकल विभाग को भी दी। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। इसके बाद लोगों में राहत की सांस ली। पुलिस ने बताया कि धमाका होने के बाद आतिशबाजी तैयार करने वाला व्यक्ति फरार हो गया है। उसकी तलाश कराई जा रही है।