कासगंज के सोरों गेट पर लगे बैरियर पर तैनात पुलिस
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। कोरोना संक्रमित युवक मिलने के बाद प्रशासन ने शहर के आधे हिस्से को बैरिकेडिंग लगाकर लॉक कर दिया है। इस इलाके से जुड़ी 24 गलियां भी बंद कर दी गईं हैं। इन पर पुलिस का पहरा है। इतने बड़े इलाके को सील करने से लोग काफी असमंजस में हैं। यहां का ज्यादातर क्षेत्र व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ा है।
दो दिन पूर्व मोहल्ला नवाब पीर छल्ला का एक युवक कोरोना संक्रमित मिला था। इस युवक के परिवार के और संपर्क में आए 22 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने लेविल-1 क्वारंटीन सेंटर भेज दिया था। प्रशासन ने फौरी तौर पर इस इलाके को हॉटस्पॉट घोषित करके तहसील रोड, गली बौहरान, गली मीना बाजार, गली चामुंडा मंदिर को सील कर दिया था।
लेकिन आसपास के क्षेत्रों से लोगों का निकलना बंद नहीं होने पर प्रशासन ने हॉटस्पॉट का विस्तार कर दिया। इससे बारहद्वारी से बिलराम गेट चौराहे तक मुख्य मार्ग को बारहद्वारी एवं बिलराम गेट की ओर से सील कर दिया गया। बीच में पड़ने वाली गली पक्की, गली पचौरियान, सूत की मंडी की दो गली, गली नियारियान को भी बंद कर दिया।
इसके अलावा बारहद्वारी से सोरों गेट इलाके में भी बैरिकेट लगाकर आवागमन रोका दिया है। इस इलाके की मोहल्ला नवाब की ओर जाने वाली सभी गलियों को सील कर दिया गया। बिलराम गेट चौराहा, अंबेडकर पार्क एवं बारहद्वारी चौराहे पर पुलिस का कड़ा पहरा है।
मार्ग और गलियां सील हो जाने से इस क्षेत्र में रहने वाले लोग असमंजस में हैं। उन्हें चिंता सता रही है कि इतने ज्यादा विस्तार से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। जरूरत की चीजें जुटाना भी मुश्किल होगा। क्योंकि इतने बड़े एरिया में काफी आबादी रहती है और बाजार क्षेत्र में कारोबारी गतिविधियां भी ठप हो जाएंगी। जिससे कारोबारियों और वाशिंदों को दिक्कतें होंगी।