कोसीकलां में सब्जी मंडी में उमड़ी भीड़। संवाद
- फोटो : KOSI
कोसीकलां। चिकित्सक दंपती के कोराना संक्रमित मिलने से कोसी के सील होने के दो दिन बाद मंगलवार को सब्जी मंडी में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का जमकर उल्लंघन हुआ। इस तरह की लापरवाही से लोग खुद व दूसरों की भी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
हाईवे स्थित मंडी समिति की सुपर मार्केट में प्रशासन द्वारा किसानों को सब्जी बेचने व फुटकर विक्रेताओं के अलावा सब्जी व्यापारियों को सब्जी खरीदकर ले जाने की सुविधा दी गई है। लेकिन आम लोग और दूसरे कस्बों से पहुंच रहे व्यापारियों की भीड़ के बीच सोशल डिस्टेंसिंग दरकिनार हो गई है। नियमों का पालन कराने के लिए मौके से पुलिस भी नदारद दिखी। सब्जी खरीदने के दौरान लोगों में धक्का-मुक्की की स्थिति रही। मंडी परिषद के सचिव उमेश चौधरी ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अनाउंसमेंट कराया जा रहा है।
प्रशासन सख्ती बरत रहा
हॉटस्पाट का पालन कराने के लिए प्रशासन पूरी सख्ती बरत रहा है। लोगों को अपने और परिजनों के बचाव के लिए खुद भी लॉकडाउन का पालन करना चाहिए। उनका कहना है कि सड़क पर बेवजह निकलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही हैं। - श्रीश चंद, एसपी ग्रामीण।