नए साल के स्वागत के लिए शहर के पंचतारा होटलों में आज रात धमाल मचाने की तैयारी है। डीजे, डांस, ड्रिंक और डिनर के साथ नए साल का जश्न मनाया जाएगा। ज्यादातर होटलों ने अपने इनहाउस गेस्ट के लिए ही नए साल की पार्टी का इंतजाम किया है।
एक पखवाड़े से चल रहे नागरिकता कानून और एनपीआर के विरोध के कारण होटलों में उम्मीद के मुताबिक बुकिंग नहीं है, लेकिन नए साल का स्वागत अपने मेहमानों के साथ करने के लिए होटल तैयार हैं।
इनर रिंग से लेकर फतेहाबाद रोड, ताज रोड के पंचतारा होटलों में न्यू ईयर पार्टी की पूरी तैयारियां हैं। थीम आधारित इन पार्टियों के लिए होटलों ने पहले ही बुकिंग कर ली थी। हालांकि क्रिसमस से लेकर नए साल तक पर्यटकों की संख्या कम रही, पर इसका ज्यादा असर होटलों की बुकिंग पर नहीं पड़ा है।
ताजनगरी के होटल कोर्टयार्ड बाइ मैरियट में नए साल की पूर्व संध्या पर रॉक-एन-रोल 5.0 कार्यक्रम होगा। इसमें डीजे जूबी, लाइव बैंड, डीजे होगा। होटल के जीएम संजीव टंडन के मुताबिक इंटरनेशनल फूड बुफे के साथ अलग अलग पांच पार्टी जोन बनाए गए हैं। नए साल के जश्न की पूरी तैयारियां हैं, जहां लोग मस्ती के साथ हर तरह के व्यंजनों का लुत्फ ले पाएंगे।
जबरदस्त-ए-बैंड की धुन पर झूमेंगे लोग
होटल क्लार्क शिराज के सीनियर सेल्स मैनेजर विनोद शर्मा ने बताया कि नए साल के स्वागत के लिए जश्न की थीम फ्रेम 2020 रहेगी। डीजे के साथ लाइव कार्यक्रम होगा। होटल जेपी पैलेस के वाइस प्रेसिडेंट हरी सुकुमार ने बताया कि न्यू ईयर ईव पर पार्टी की थीम बॉलीवुड रखी गई है।
दिल्ली का एक्वा बीट बैंड प्रस्तुति देगा। ताज पूर्वी गेट स्थित होटल ताज, फतेहाबाद रोड पर होटल आईटीसी, होटल गेटवे, ताजनगरी में फोर प्वाइंट शेरेटन, एमजी रोड पर होली डे इन में भी नए साल का जश्न धूमधाम से मनाने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा बजट क्लास होटलों ने भी पैकेज पेश किए हैं, जो पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों के लिए भी हैं।