कलेक्ट्रेट में सपा विधायक से भिड़े ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी के कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार दोपहर श्रीराम के जयकारे को लेकर गांव पुंडरी के ग्रामीण सपा विधायक से भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। ग्रामीणों के व्यवहार का विधायक के समर्थकों ने भी विरोध किया। कलक्ट्रेट परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करके मामले को शांत कराया।
विकास खंड जागीर की ग्रामसभा पुंडरी के ग्रामीण शुक्रवार को डीएम प्रमोद कुमार उपाध्याय से सरकारी आवास न मिलने की शिकायत लेकर आए थे। ग्रामीण शिकायत करके सभाकक्ष के पास पहुंचे ही थे, तभी उनकी मुलाकात किशनी से सपा विधायक बृजेश कठेरिया से हो गई।
सपा विधायक ने ग्रामीणों से उनकी समस्या के बारे में पूछा तो कुछ ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने विधायक पर जय श्रीराम के जयकारे का विरोध करने का आरोप लगाया। इस बीच ग्रामीणों और विधायक के बीच नोकझोंक होने लगी। कलक्ट्रेट परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करके मामले को संभाला।