आगरा-जयपुर हाईवे पर शनिवार शाम भीषण हादसा हुआ। आमने-सामने दो टेंपो में हुई भिड़ंत में महिला समेत दो की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आगरा-जयपुर हाईवे पर शनिवार की शाम लेदर पार्क के पास दो टेंपो की टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरे टेंपो को लेकर चालक भाग निकला। पुलिस ने घायलों को एसएन में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक शनिवार की शाम करीब सात बजे फतेहपुरसीकरी की ओर से सवारियां लेकर एक टेंपो आगरा की ओर जा रहा था। लेदर पार्क के समीप सामने से आए एक अन्य टेंपो से उसकी टक्कर हो गई। टकराने के बाद सवारियों से भरा टेंपो सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे को देख मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने हादसे में घायल लोगों को तत्काल ही उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इस दौरान महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में कलवारी गांव की महिला रूपम (40) पत्नी राजेश कुमार और एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। एसओ मलपुरा ने बताया कि मृतक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। सभी घायलों को एसएन में भर्ती कराया गया है।