उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सुबह-सुबह ट्रक और टेंपो में आमने-सामने से जोरदार टक्कर हुई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
कैथल, हरियाणा निवासी जग्गी शादियों में पान की स्टाल लगाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के 4 बजे वह अपनी टीम के साथ मुरैना से काम खत्म करके अलीगढ़ शादी में लोडर टेंपो से जा रहे थे। वह खुद दूसरी गाड़ी में थे। उसकी गाड़ी आगे निकल गई थी।
विज्ञापन
बाकी लोग टेंपो में थे। हाथरस मार्ग पर पीलीपोखर के समीप सामने से आ रहे ट्रक से टेंपो की टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो चालक कैथल निवासी मंदीप (35), युवराज (21) और अंकित (20) की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
पवन (निवासी बलराम नगर, थाना सेक्टर 21, कैथल), दीपक (निवासी दूर्वत, कैथल) और अमन (निवासी कैथल) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर से टेंपो के परखच्चे उड़ गए। आगे बैठे मंदीप, युवराज और अंकित बुरी तरह से फंस गए। पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों की सहायता से टेंपो में फंसे लोगो के शवों को बाहर निकाला। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया।
हादसे से घरों में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी बुधवार सुबह मृतकों के परिजन को हुई तो कोहराम मच गया। जग्गी पान वाले ने बताया कि उनके साथ एक स्टाल पर 10 से 12 लोग काम करते हैं। चालक मंदीप के छह व आठ वर्ष के दो बेटे हैं। युवराज के बड़े भाई अमन ने वताया कि उसकी शादी नही हुई थी। वह दो साल से जग्गी पान वाला के यहां काम कर रहा था। वह दो भाई हैं, कोई बहन नहीं है। परिवार का सारा खर्चा युवराज ही चला रहे थे। अब परिवार का कोई सहारा नहीं है।