कासगंज। यातायात नियमों के पालन के लिए यातायात पुलिस जहां जागरूकता अभियान चला रही है। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को 191 वाहनों को चालान किए गए। एक वाहन पर लगा सायरन एवं हूटर पुलिस के द्वारा हटवाया गया। पूरे दिन अलग अलग इलाकों में यातायात चेकिंग अभियान चलाया गया।ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की नशे की स्थिति की जांच की गई। बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले, बिना सीट बेल्ट के कार ड्राइव करने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए। वहीं फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के चालन काटे गए। यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह एवं यातायात पुलिस की टीम ने सोरोंजी मार्ग, बाईपास व अन्य स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त केए पीजी कॉलेज में हैंडबिल और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने वाले पत्रक बांटकर यातायात नियमों के बारे में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। यातायात प्रभारी ने बताया कि लगातार जागरूकता अभियान जारी रहेगा। लोग यातायात के नियमों का पालन करें।