आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में व्हाट्सएप कॉल के जरिये लड़की से मिलवाने का झांसा देकर एक युवक को बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उसके कपड़े उतरवाए, वीडियो बनाई और बदनाम करने की बात कह पांच लाख रुपये मांगे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एत्मादपुर थाना क्षेत्र के युवक ने पुलिस को बताया कि 12 नवंबर को उसके मोबाइल पर नगला रामबक्स निवासी हेमंत शर्मा के नाम से एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खर्चा-पानी देने पर एक लड़की से मिलवाने का वादा किया और उसे कृष्णाबाग, दयालबाग स्थित एक किराए के मकान पर बुलाया। तय पते पर पहुंचा तो वहां पहले से सात लोग मौजूद थे।
आरोप है कि अंदर पहुंचते ही सभी ने दरवाजा बंद कर लिया और एकजुट होकर उसके कपड़े उतरवा दिए। इस दौरान एक आरोपी के हाथ में तमंचा था, जिसने उसे डराया-धमकाया। आरोपियों ने उसकी वीडियो बनाई और तुरंत पांच लाख रुपये का इंतजाम करने का दबाव बनाया। रुपये न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और पीटा गया।
वह किसी तरह जान बचाकर और रुपये का इंतजाम करने का बहाना बनाकर वहां से निकला। सीधे थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।