हरियाण-यूपी सीमा पर जाम के चलते लगी वाहनों की लगी लाइन। संवाद
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। यूपी- हरियाणा सीमा पर हरियाणा पुलिस पूरे दिन नाकेबंदी लगाती और हटाती रही। इससे हाईवे पर वाहन रुक-रुक चलते रहे। पुलिस ने वाहनों को होडल के अंदर से नूहं मेवात होते हुए रवाना किया। पूरे दिन यूपी व हरियाणा के अधिकारी हालात को लेकर आपस में संपर्क में रहे।
सोमवार सुबह से ही यूपी-हरियाणा के अधिकारियों ने वार्ता कर जाम के हालात से निपटने की योजना बनाई।
इसके तहत लंबा जाम लगने पर हरियाणा पुलिस नाकेबंदी को खोलकर वाहनों को होडल के जरिए नूहं, मेवात के रास्तों से भेजती रही। इससे हाईवे पर वाहनों का दबाव कम होता रहा। आधे घंटे वाहनों को नाकेबंदी हटाकर निकाला तो एक घंटे के लिए नाकेबंदी कर दी गई। यह हालात पूरे दिन बने रहे। दिल्ली-आगरा रूट पर विपरीत दिशा में भी वाहन दौड़ते रहे। छोटे वाहनों को हरियाणा पुलिस ने थोड़ी छूट दी। भारी वाहन चालक परेशान रहे।
रायपुर से सरिया लादकर बरनाला पंजाब जा रहे ट्रक चालक हरमेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें आगरा से कोसी तक जाम में फंसना पड़ा। अन्य रास्ते में कहीं भी जाम नहीं मिला। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार ने बताया कि समय-समय पर छूट देकर वाहनों को निकाला जा रहा है। हालातों पर नजर रखी जा रही है। होडल के एसएचओ सुरेंद्र सिंह राठी ने बताया कि हालातों को देखकर निर्णय लिया जा रहा है।
जाम में फंसे तो खाई पूड़ी-सब्जी
कोटवन बॉर्डर से पुलिस चौकी तक जाम में फंसे ट्रक चालकों ने पूड़ी -सब्जी खाकर दिन गुजारा। बॉर्डर पर पूड़ी-सब्जी बेचने वाले युवकों ने बताया कि आंदोलन के चलते उनका धंधा बंद हो गया है। वे बाइक पर पूड़ी-सब्जी बेच रहे हैं।