एसडीएम और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ मौका मुआयना करते स्थानीय लोग।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास पर फ्लाईओवर के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्य और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने जल्द फ्लाईओवर निर्माण की मांग की। समाधान न होने तक बाईपास तिराहा कट व शालीमार तिराहा कट को खोलने की मांग की। जल्द निर्माण शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को एसडीएम हनुमान मौर्य, एनएचएआई के अधिकारी भूपेंद्र सिंह, सीओ जगदीश कालीरमन को नगर पंचायत चेयरमैन नरेंद्र गुर्जर, भाजपा नेता तरुण सेठ ने अवगत कराया कि बाईपास कट बंद होने से लोगों को समस्या उठानी पड़ रही है। बाईपास पर फ्लाई ओवर निर्माण का प्रस्तावित है। इसे जल्द बनाया जाए। कहा कि जब तक फ्लाई ओवर न बने तब तक कमलानगर व शालीमार तिराहा कट को खोला जाए। कट बंद होने से लोगों को कई किलो मीटर घूमकर आना पड़ रहा है।
अधिकारियों ने इसके लिए मौके पर पहुंचकर स्थिति भी देखी। अधिकारियों ने लोगों को जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया है। चेयरमैन ने फ्लाईओवर निर्माण कार्य जल्द शुरू न कराने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान हुकमचंद अग्रवाल, हरिमोहन सैनी, कन्हैयालाल गोयल, ललित अग्रवाल एडवोकेट, संजय बठैनिया, सुनील, दिनेश अगरारिया, पवन मैंबर आदि थे।