हिसार/आगरा। केंद्र सरकार में नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में हिसार पुलिस ने योग नगर निवासी श्याम सुंदर को गिरफ्तार किया। आरोपी ने शिकायतकर्ता प्रवीण कुमार को फर्जी नियुक्ति पत्र और दस्तावेज देकर ठगा था। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
इस हाई-प्रोफाइल ठगी के मामले का आगरा से भी सीधा जुड़ाव सामने आया है। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, व्हाट्सएप चैट और दस्तावेजों को खंगाला। पुलिस प्रवक्ता मदन लाल ने बताया कि पूछताछ के आधार पर 29 अक्तूबर को आगरा के गणपति सिटी स्थित एक फ्लैट से इस धोखाधड़ी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस अब रिमांड अवधि के दौरान आगरा और अन्य जगहों से जुड़े साक्ष्यों और इस रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों की संलिप्तता की गहराई से जांच कर रही है।