डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
माध्यमिक विद्यालय छात्र-छात्राओं के लिए 19 अक्तूबर से खुलने जा रहे हैं, लेकिन उच्च शिक्षण संस्थानों में अभी कोई तैयारी नहीं है। अक्तूबर भर उच्च शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन माध्यम से ही पढ़ाई कराई जाएगी। इसके बाद शासनादेश या फिर परिस्थिति को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा।
सेंट जोंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि 15 अक्तूबर से संस्थान पढ़ाई के लिए खोले जाने के संबंध में केंद्र सरकार के निर्देश जारी हुए थे। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से अभी अलग से कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है। ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई का सेटअप बना हुआ है, पढ़ाई कराई भी जा रही है। अक्तूबर भर इसी तरह से पढ़ाई कराने की योजना है। स्थिति सामान्य होने या फिर शासनादेश के अनुरूप आगे निर्णय लिया जाएगा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान के निदेशक प्रो. वीके सारस्वत का कहना है कि संस्थान को अभी तक ऑफलाइन माध्यम से कक्षाओं के संचालन के संबंध में कोई आदेश नहीं मिला है। ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है। कोई आदेश मिलने तक यह व्यवस्था बरकरार रहेगी।
नवंबर से ऑफलाइन पढ़ाई शुरू कराई जा सकती है
विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के संस्थानों और संबद्ध कॉलेजों में अभी प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। नवंबर से ऑफलाइन कक्षाएं लगाने की योजना है। शासनादेश का भी इंतजार किया जा रहा है।
-प्रो. अशोक मित्तल, कुलपति