कोरोना संक्रमण का खौफ फिर से तेजी के साथ बढ़ने लगा है। इसको लेकर जिले में एक बार फिर से अलर्ट जारी किया गया है। बाहर से आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कराई गई है। तीन नए मरीज मिलने के बाद डीएम ने आपात बैठक की। कोविड कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को क्वारंटीन सेंटर भेजा। व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने एवं क्वारंटीन सेंटरों के वार्ड सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में मंगलवार को एक साथ तीन मरीज मिले हैं। इससे जिला प्रशासन ने एक बार फिर से अलर्ट जारी किया है। कोरोना गाइडलाइन का पालन करना लोग भूल गए हैं। गाइडलाइन का पालन कराने के लिए एक बार फिर से प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम सीपी सिंह ने कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ बैठक की और सेंटर का निरीक्षण किया। अफसरों को निर्देश दिए कि वे कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए कहीं ढिलाई न बरतें। हर हाल में सक्रियता बढ़ाएं। क्वारंटीन सेंटर नौरथा, कलावती हॉस्पिटल एवं वीके जैन इंस्टीट्यूट में वार्डों को सक्रिय रखें। जो भी संक्रमित मिलें उन्हें आइसोलेट करें।
ग्रामीणों से की डीएम ने अपील
वैसे तो शहरी और ग्रामीण क्षेत्र दोनों ही जगह सतर्कता बरती जा रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में बाहर से आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने लगी है। ऐसे में डीएम सीपी सिंह ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने गांव में आने वाले लोगों होम क्वारंटीन करने पर बल दें और यदि बाहर से आने वाले ग्रामीण कोरोना गाइड लाइन का उल्लघंन कर रहे हैं तो उसकी सूचना कंट्रोल रूम को दें। यदि किसी ग्रामीण में संक्रमण के लक्षण दिखाई दें तो संबंधित को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाएं।
रेलवे स्टेशन पर और बढ़ाई गई सतर्कता
संक्रमण का खतरा बढ़ने से जहां एक ओर जिला प्रशासन चिंतित है वहीं रेलवे में भी अलर्ट है। अब तक मुंबई से आने वाले यात्रियों की ही जांच हो रही थी लेकिन अब सभी जगह से आने जाने वाले यात्रियों को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने पर विशेष जोर रहेगा। स्टेशन अधीक्षक अभिषेक वर्मा के मुताबिक स्टेशन पर बिना मास्क के प्रवेश वर्जित रहेगा। लोग सतर्कता बरतें।
यह हैं कंट्रोल रूम के सक्रिय नंबर
- 8445154808
- 8791292672
- 05744- 24002
सीएमओ ने किया क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण
सीएमओ अनिल कुमार ने क्वारंटीन सेंटर नौरथा, कलावती हॉस्पिटल एवं वीके जैन कॉलेज इंस्टीट्यूट का निरीक्षण किया। वहां तैनात स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। जिला अस्पताल पर भी सीएमओ ने व्यवस्थाएं देखीं। आइसोलेशन वार्ड में की व्यवस्थाएं भी दुरुस्त रखने को कहा।
वर्जन-
- कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। पहले से ही जिले में सतर्कता है लेकिन अब और भी सक्रियता बढ़ाई गई है। लोग सावधानी बरतें। बाहर से आने वाले लोगों को होम क्वारंटीन करें। जिलेभर में कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। - सीपी सिंह, डीएम।