28एमएनपी-12-करहल में जुमे की नमाज को लेकर मस्जिद का निरीक्षण करते एएसपी ओप्रकाश सिंह व एसडीएम रतन वर?
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर बरती जा रही सतर्कता के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते जिलेभर में अलर्ट रहा। सुबह से ही शहर से लेकर गांव-कस्बों में पुलिसकर्मी फ्लैग मार्च करते रहे।
शहर में एसडीएम सदर रजनीकांत और सीओ सिटी अभय नरायन राय ने पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त किया। इसके साथ ही मिश्रित आबादी के साथ ही मुस्लिम कालोनियों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था रही। जुमे की नमाज के वक्त मस्जिदों के आसपास पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी मौजूद रहे। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी अजय कुमार पांडेय भी जिलेभर में नजर बनाए रहे। करहल कस्बे में एसडीएम रतन कुमार वर्मा और एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने पैदल मार्च किया। दोनों अधिकारी यहां स्थिति मस्जिद पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने काजी मोहल्ला, मोहल्ला सराय, कानूनगोयान, शिवाजी कॉलोनी, चूना वाली गली, जामा मस्जिद, पुराना थाना रोड सहित प्रमुख बाजार में फ्लैग मार्च किया।
बेवर में थाना प्रभारी जसवीर सिंह सिरोही के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने फ्लैग मार्च किया। भोगांव में थानाध्यक्ष पहुप सिंह ने पैदल मार्च किया। किशनी में थानाध्यक्ष ओमहरि वाजपेयी ने पैदल भ्रमण किया।
जिलेभर में पुलिस फोर्स अलर्ट है। सुरक्षा की दृष्टि से सभी थानाध्यक्षों को गश्त के निर्देश दिए गए हैं।
-ओमप्रकाश सिंह, एएसपी।