रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से ऑनलाइन परीक्षा हो रही है। इनमें लोको पायलट और अन्य पदों के लिए ग्रुप सी की परीक्षाएं करवाई जा रही हैं। आगरा में भी 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षाओं के नाम पर धोखाधड़ी व दलालों से सावधान रहने को हेल्पलाइन नंबर और ई-मेल आईडी जारी की गई है।
रेलवे की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि अभ्यर्थी किसी के झांसे में नहीं आएं। कोई दलाल संपर्क करता है तो इसकी शिकायत हेल्प लाइन पर करें। बता दें कि पिछली कुछ परीक्षाओं में सॉल्वर गैंग के सक्रिय होने और धोखाधड़ी की बात सामने आई थी।
रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से संचालित इस परीक्षा में 1. 89 करोड़ अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इसी तरह आरपीएफ में इंस्पेक्टर और कांस्टेबिल के पदों के लिए भी लाखों अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। अलग अलग तारीखों पर यह परीक्षाएं कराई जा रही हैं।