लू का कहर: जरार के बाजार में सन्नाटा, दोपहर में दुकानों के गिरे शटर
- फोटो : Archive
बाह/पिनाहट। यमुना-चंबल-उटंगन नदी के बीहड़ क्षेत्र से घिरी बाह तहसील के 214 गांवों में लू के कहर से बृहस्पतिवार को जन जीवन त्रस्त रहा। कस्बाई इलाकों के बाजार में सन्नाटा पसरा रहा, दोपहर में कारोबारी अपनी दुकानों के शटर गिराने को मजबूर हो गए। अपनों के बीमार होने पर इलाज के लिए अस्पताल ले जाते तीमारदार आसमान से बरस रही आग से बचने को कपड़े से सिर ढ़कने को मजबूर रहे।
बृहस्पतिवार को सूरज के तेवर और तल्ख हो गए। जैतपुर, बाह, चित्राहाट, कचौराघाट, जरार, भदरौली, फरैरा, बासौनी, नंदगवा, शाहपुर ब्राह्मण, बिजौली, पिनाहट आदि बाजारों में सुबह 10 बजे से ही सन्नाटा पसर गया। दोपहर में लू के कहर से बचने के लिए करोबारी अपनी दुकानों के शटर गिराने को मजबूर हो गए। जरार के कारोबारी अंतराम गुप्ता, राजीव गुप्ता, सुनील कुमार, राजू गुप्ता, धीरज सविता, निरंजन ने बताया कि तेज धूप से टिनशेड गर्म होने एवं गर्म हवा चलने की बजह से दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है। दोपहर में ग्राहक भी बाजार में नहीं आ रहे। इसलिए दुकानें बंद कर देते हैं। वीरेन्द्र सिंह तोमर, जोधाराम, पुरुषोत्तम सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि ने बताया कि बिजली कटौती के चलते घर में टिकना मुश्किल हो गया है। फसलों की सिंचाई के भी लाले पड़ गए हैं।