मैनपुरी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत कर्मचारियों ने वेतन विसंगतियों और गृह जनपद स्थानांतरण को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि कर्मचारियों को गृह जनपद के लिए स्थानांतरण की मांग की गई।
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम डीएम को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मांग की गई कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मियों की स्थानांतरण नीति बहाल करने और उन्हें गृह जनपद में तैनाती देने के संबंध में पूर्व में पत्र दिया गया था। लेकिन इस संबंध में कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। 2005 से संचालित हो रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रदेश में लगभग एक लाख 35 हजार संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों ने कोविड महामारी के दौरान अपने जीवन की परवाह न करते हुए लोगों की सेवाएं कीं, लेकिन वर्तमान में सरकारी की नीति के अभाव में इन कर्मियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इनमें मुख्य रूप से वेतन और स्थानांतरण नीति का न होना शामिल है।
इस मौके पर संघ के मंडल संयोजक अभय कुमार सिंह, विजय सिंह, अमित सिंह, किरन यादव, मयूर कुमार, विपुल सक्सेना, आरती सिंह, वैभव गुप्ता, अनूप सिंह, जयवीर सिंह मौजूद रहे।