टूंडला(फिरोजाबाद)। सीएचसी पर एएनएम ने रुपयों का लालच देकर मानसिक रूप से कमजोर अविवाहित युवक की नसबंदी करा दी। जानकारी पर परिजनों ने हॉस्पिटल पहुंचकर चिकित्साधिकारियों से मामले की शिकायत की। नगर के एमपी रोड सुरमे वाली गली निवासी युवक मानसिक रूप में कमजोर है। बुधवार को वह सब्जी मंडी गया था। आरोप है कि तभी एएनएम गीता देवी उसे मिली और उसे रुपयों का लालच देकर अपने साथ अस्पताल ले गई। आरोप है कि सीएचसी की एएनएम गीता देवी ने पांच सौ रुपये का लालच देकर युवक से एक फार्म पर अंगूठा लगवा लिया।
इसके बाद वह उसे फिरोजाबाद अस्पताल ले गई, जहां उसकी नसबंदी करवा दी गई। नसबंदी करवाने के बाद मानसिक रूप से कमजोर युवक को पांच सौ रुपये देकर उसे घर भेज दिया। देरशाम युवक ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद बृहस्पतिवार को परिजन युवक को लेकर सीएचसी टूंडला पहुंचे। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव वर्मा से मामले की शिकायत की।