आगरा में भीषण गर्मी में ताज का दीदार करने आए पांच पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को तत्काल उपचार दिया गया। आराम मिलने के बाद वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
आगरा में ताजमहल का दीदार करने आए पांच पर्यटकों की तबीयत बुधवार को खराब हो गई। पांचों पर्यटकों को एएसआई की 'मे आई हेल्प यू' टीम ने डिस्पेंसरी तक पहुंचाया।
विज्ञापन
इनमें अरुणाचल प्रदेश की 30 वर्षीय मारपू ताचा, हैदराबाद के रंजीत नारला, बीड महाराष्ट्र की वर्षा सुरेशचंद्र, तमिलनाडु के देवराजन और ऑस्टिन को ताजमहल की डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया गया। गर्मी के कारण इनकी तबीयत सेंट्रल टैंक के पास बिगड़ गई थी।
गाइड सुविधा केंद्र पर लगाया कूलर
ताजमहल पूर्वी गेट पर गाइड सुविधा केंद्र में टूरिस्ट गाइड वेलफेयर एसोसिएशन ने कूलर लगवा दिया, जिससे शिल्पग्राम में गोल्फ कार्ट का इंतजार करने वाले पर्यटकों को राहत मिली। शिल्पग्राम से ही पर्यटक वाहनों की पार्किंग कर ताजमहल जाने के लिए गोल्फ कार्ट का इंतजार करते हैं। अध्यक्ष दीपक दान ने बताया कि गाइडों ने आपसी सहयोग से पर्यटकों की सुविधा के लिए कूलर लगवाया है। पर्यटक आते जाते समय इंतजार के पलों में कुछ देर के लिए गर्मी से राहत पा सकते हैं।