कलक्ट्रेट पर कोरोना की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में बुधवार को कोरोना से एक वृद्धा की मौत हो गई। जबकि जेल में निरुद्ध दो बंदियों सहित 16 नए संक्रमित मिले। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3348 पहुंच गई है। जिसमें 3170 संक्रमित ठीक हो चुके हैं, वहीं 53 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 126 संक्रमितों का उपचार चल रहा है।
बुधवार को शहर के मोहल्ला यदुवंश नगर निवासी एक वृद्धा की कोरोना संक्रमण से मेडिकल कॉलेज सैफई में मौत हो गई। 80 वर्षीय वृद्धा 8 नवंबर से बीमार थीं। उनका सैफई में ही उपचार चल रहा था। 15 नवंबर को कोविड जांच के लिए उनका नमूना लिया गया था। 17 को उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर सैफई में भर्ती कराया गया था। दूसरी ओर जिला जेल में निरुद्ध दो बंदी कोरोना संक्रमित मिले। उन्हें जेल में ही आइसोलेट किया गया है।
इसके अलावा शहर के मोहल्ला देवपुरा में चार, देवी रोड पर दो कोरोना संक्रमित मिले। स्टेशन रोड, यदुवंशनगर, राधारमन रोड, आगरा रोड, बनामई, बरनाहल, दन्नाहार और गांव झिंझाई में एक-एक कोरोना संक्रमित मिला। सीएमओ के निर्देश पर संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है। 12 संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। दो को आइसोलेशन वार्ड भेजा गया है। सीएमओ ने सभी चिकित्साधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने क्षेत्रों में बाहर से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखें। बाहर से आने वालों की हर हाल में कोविड-19 की जांच कराई जाए।
138 लोगों की कराई गई जांच
कुरावली। सीएचसी प्रभारी डॉ. मुनींद्र सिंह चौहान के निर्देशन में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने क्षेत्र के गांव लखौरा और तिमनपुरा में शिविर लगाकर कोविड-19 की जांच की। इस दौरान 86 ग्रामीणों की जांच एंटीजन कार्ड से कराई गई, जबकि 52 लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई भेजे गए।