मैनपुरी। मरीजों को जिले में ही बेहतर उपचार मिले, इसके प्रयास तेजी से शुरू हो गए हैं। जिले के लिए दो वेंटीलेटर की व्यवस्था हो चुकी है। जिलाधिकारी ने उपयुक्त वार्ड को तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
अमर उजाला ने अपने आठ मई के अंक में जिले में वेंटीलेटर न होने की खबर प्रकाशित की थी। जिसका संज्ञान लेने के बाद शासन और प्रशासन स्तर से जिले में वेंटीलेटर की स्थापना के लिए प्रयास शुरू किए गए। शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। जिसके बाद जिलाधिकारी ने सीएमओ और सीएमएस को निर्देश दिए हैं कि शीघ्र ही लखनऊ से दो वेंटीलेटर जनपद पहुंच रहे हैं।
इनकी स्थापना के लिए एक सुरक्षित वार्ड तैयार किया जाए। वेंटीलेटर की स्थापना के लिए दो वार्ड चिह्नित किए गए हैं। एक जिला महिला अस्पताल का पुराना भवन व दूसरा जिला अस्पताल के बर्न वार्ड का एक कक्ष। जहां अभी हाल ही में कुछ दिन के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया गया था। अंतिम निर्णय जिलाधिकारी को लेना है।
- वेंटीलेटर की स्थापना की तैयारी पूरी है। जिलाधिकारी जहां पर वेंटीलेटर स्थापित करने के निर्देश देंगे, वहां स्थापित कर उपचार की व्यवस्था की जाएगी। - डॉ. एके पांडेय, सीएमओ।