आगरा में स्वास्थ्य विभाग टीम की छापामार कार्रवाई जारी है। गुरुवार को देवरी रोड स्थित कई क्लीनिक पर छापे मारे गए। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट पास मरीजों की सर्जरी और इलाज करते पाए गए। चार क्लीनिक सील की गई। संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
टीम ने सबसे पहले निरूपल राय क्लीनिक पर छापा मारा। यहां 10वीं का छात्र कृष्णा शर्मा मरीज को इंजेक्शन लगा रहा था। 10 मरीज भर्ती थे। संचालक निरूपल राय टीम आने के कुछ देर पहले ही चला गया था, उसे फोन करके बुलाया गया, पर पहुंचा नहीं। क्लीनिक में बवासीर आदि का ऑपरेशन किया जाता था। बड़ी मात्रा में मेडिकल वेस्ट क्लीनिक में मिला। क्लीनिक को टीम ने सील कर दिया।
दया क्लीनिक, शांति नगर का संचालन मध्य प्रदेश का दयाशंकर शर्मा कर रहा था। बोर्ड पर टाइफाइड विशेषज्ञ लिखा रखा था। एलोपैथी के साथ आयुर्वेदिक इलाज किया जा रहा था। क्लीनिक पर कुछ जड़ी बूटियां भी मिलीं। दयाशंकर शर्मा ने पूछताछ में खुद को हाईस्कूल पास बताया। क्लीनिक में दो-तीन मरीज भर्ती थे। क्लीनिक को सील कर दिया गया है।