मैनपुरी। जिले के 30 निजी अस्पतालों ने बायो मेडिकल वेस्ट की व्यवस्था नहीं कर रखी है। ये जानकारी संबंधित अस्पतालों के संचालकों द्वारा नवीनीकरण के लिए प्रस्तुत किए गए अभिलेखों से हुई है। जांच में मामला सामने आने के बाद सीएमओ ने संबंधित अस्पतालों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में बायो मेडिकल वेस्ट की व्यवस्था का प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
वर्तमान समय में जिले के निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और जांच केद्रों के नवीनीकरण की कार्रवाई प्रगतिशील है। सीएमओ के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह को निजी अस्पतालों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके द्वारा लगातार संबंधित अस्पतालों के अभिलेखों की जांच की जा रही है। अभी तक हुई जांच में जिले के 30 अस्पताल ऐसे पाए गए हैं जिनमें बायो मेडिकल वेस्ट के प्रमाणपत्र मानक के अनुसार नहीं पाए गए हैं। डिप्टी सीएमओ ने संबंधित अस्पतालों की सूची सीमएओ को सौंपी है। सीएमओ ने संबंधित अस्पतालों के संचालकों को नोटिस जारी कर निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के अंदर बायो मेडिकल से संबंधित प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाए नहीं तो उनका नवीनीकरण का आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।