आगरा के थाना ट्रांस यमुना इलाके में पकड़े गए मेडिकल स्टोर में बच्चे से लेकर महिला तक का इलाज किया जा रहा था। नाबालिग ड्रिप चढ़ा रहे थे। स्वास्थ्य विभाग ने स्टोर संचालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस विवेचना कर रही है। साक्ष्य संकलन के बाद केस में चार्जशीट लगाई जाएगी।
बाला फार्मेसी पर मारा गया छापा
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार दोपहर को राहुल नगर, टेढ़ी बगिया स्थित बाला फार्मेसी पर छापा मारा था। दुकान के अगले हिस्से में मरीजों को देखा जा रहा था। इंजेक्शन और दवाइयां दी जा रही थीं। दो नाबालिग भी मरीजों का इलाज कर रहे थे। दुकान के पिछले हिस्से में मरीजों को ड्रिप लगाई जा रही थी। इनमें 2.5 साल के बच्चे से लेकर 45 साल की महिला थीं।
ये भी पढ़ें - Nikay Chunav 2023: टिकट न मिलने पर भाजपा नेता का बेटा हुआ बागी, पिता ने दिखाए तेवर, दी ऐसी धमकी कि बन गई बात
न था लाइसेंस और न रजिस्ट्रेशन
संचालक के पास क्लीनिक चलाने न कोई लाइसेंस था और न रजिस्ट्रेशन था। टीम ने दुकान को सील किया था। फायर एनओसी भी नहीं थी। मेडिकल वेस्ट का निस्तारण की व्यवस्था नहीं था। मामले में नोडल अधिकारी डा. पियूष जैन ने केस दर्ज कराया। इसमें शेखर बाला और दो नाबालिग को नामजद किया।
दिया जाएगा नोटिस
थाना ट्रांस यमुना के प्रभारी निरीक्षक आनंद प्रकाश का कहना है कि केस में जो धारा लगी हैं, उनमें सात साल से कम की सजा है। इस कारण आरोपी को नोटिस दिया जाएगा। वहीं वादी से संबंधित साक्ष्य मांगे जाएंगे। इसके बाद केस में चार्जशीट लगाई जाएगी।