कासगंज कलक्ट्रेट में स्वास्थ्य विभाग की बैठक में निर्देश देते डीएम सीपी सिंह साथ में मौजूद अन्य ?
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिले में लगातार बढ़ रहे बुखार के मरीजों के आंकड़े और मौतों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट स्वास्थ्य विभाग ने बदलते मौसम में डेंगू, वायरल फीवर, मलेरिया, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस, कोरोना और लेस्टोस्पाइरोसिस को लेकर किया है। इनके लक्षण लगभग एक जैसे हैं। सावधानी बरतने से इनका खतरा काफी कम हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए गाइड लाइन जारी की है। जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देश पर लोगों को जागरूक करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अनिल कुमार ने बताया कि घर में कूलर की टंकी से पानी खाली कर दें। साफ सफाई बरतें और मच्छर नहीं पनपने दें। दिन रात पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर रखें। बुखार आता है तो चिकित्सक को दिखाकर जांच कराएं।
क्यूलेक्स मच्छर - इस मच्छर के काटने से फाइलेरिया होता है, यह बीमारी तराई क्षेत्रों में मिलती है। यह अंधेरे, नाली में रहता है। काटने से खुजली होती है।
एडीज एजिप्टी - इसके काटने से डेंगू-चिकनगुनिया होता है। यह चार-पांच फीट ऊंचाई तक उड़ता है, यह मच्छर दिन में काटता है। यह साफ पानी में पनपता है।
एनाफिलीज - इस मच्छर की 400 से अधिक प्रजातियां हैं। इसके काटने से मलेरिया होता है। यह साफ और रूके हुए पानी में पैदा होता है। यह रात को काटता है।
जिला मलेरिया अधिकारी राजकुमार सारस्वत ने बताया कि नालियों की सफाई रखें, जलभराव न होने दें। अगर ऐसा है तो उसमें मिट्टी का तेल छिड़क दें।
- रात में खुले में न सोऐं, पानी उबालकर पिएं।
- कूलर की टंकी से पानी खाली कर दें। घर में रसोई, बाथरूम में पानी को ढककर रखें।
- दिन और रात में पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, पैर-हाथ ढके रहें।
- रात में सोते वक्त भी पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर रखें, बच्चों पर विशेष ध्यान दें।
- दाल, हरी सब्जी समेत पौष्टिक भोजन करें। रेफ्रिजरेटर में रखी खाद्य सामग्री से बचें।
- जलभराव होने पर छिड़काव के लिए नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दें।
- किसी भी आकस्मिक समस्या के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 8445154808 पर संपर्क कर सकते हैं।