यूपी के कासगंज में 35 दिन पूर्व एक महिला ने एक साथ तीन बच्चियों को जन्म दिया था। उन्हें अब स्वास्थ्य विभाग पाल रहा है। तीनों बच्चियों को जिला अस्पताल के एनआरसी में रखा गया है। यहां उनका डाइटीशियन की देखरेख में ध्यान रखा जा रहा है।
भरगैन निवासी रूबी पत्नी मशर अली ने 29 मार्च को एक साथ तीन बच्चियों को जन्म दिया था। एक साथ तीन बच्चियों के जन्म होने से मां को उनके लालन-पालन में दिक्कत हो रही थी। बच्चियों को मां का पर्याप्त दूध नहीं मिल पा रहा था। इससे वे कुपोषण का शिकार हो गई।
जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस भेजकर मां और तीनों बच्चियों को जिला चिकित्सालय पर संचालित एनआरसी में भर्ती कराया। एनआरसी में नियुक्त डाइटीशियन की देखरेख में बच्चियों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।