06एमएनपी-24-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सौ रुपये मांगने की जानकारी देता युवक
- फोटो : MAINPURI
घिरोर (मैनपुरी)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घिरोर पर शुक्रवार को एक मरीज ने एआरवी इंजेक्शन के लिए सौ रुपये मांगे जाने का आरोप लगाया। मामला उप जिलाधिकारी तक पहुंचा तो प्रभारी चिकित्साधिकारी ने सफाई देना शुरू कर दिया। रुपये मांगने वाले कर्मचारी ने कहा कि वह तो मजाक कर रहा था।
शुक्रवार को सारख गांव निवासी संजीव कुमार अपनी रिश्तेदार मंजू देवी निवासी बमरौली को एआरवी का इंजेक्शन लगवाने आया था। युवक का आरोप है कि जब वह यहां अस्पताल में उपस्थित कर्मचारी विक्रम सिंह के पास इंजेक्शन के लिए पहुंचा तो उससे सौ रुपये मांगे गए। कर्मचारी ने कहा कि केवल आधा इंजेक्शन ही बचा है अगर रुपये दोगे तो लगा दिया जाएगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया। इसी दौरान किसी ने इसकी सूचना उप जिलाधिकारी अनिल कुमार कटियार को दे दी। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीन कुमार को फोन कर मामले की जानकारी करने के लिए कहा।
प्रभारी चिकित्साधिकारी के पूछने पर कर्मचारी मुकर गया। उसने कहा कि वह तो मजाक में सौ रुपये देने की बात कर रहा था। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने उसे फटकर लगाई। इस दौरान कई मरीज और लोग वहां एकत्रित हो गए। वहीं महिला ने कर्मचारी पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।