आगरा। स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के बीच शुक्रवार को डीएम मनीष बंसल ने प्राथमिक विद्यालय छीपीटोला और पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहता का औचक निरीक्षण किया। पीएम श्री विद्यालय रोहता में भारी लापरवाही, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में विफलता और खराब शैक्षणिक स्थिति पाए जाने पर नाराजगी जताई और प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुनीता सक्सेना को निलंबित कर दिया। साथ ही शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। वहीं छीपीटोला स्कूल में शैक्षणिक स्तर बेहतरीन मिलने पर शिक्षकों को प्रशस्तिपत्र देने को कहा।
कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के बाद डीएम सबसे पहले प्राथमिक स्कूल छीपीटोला पहुंचे। वहां उन्होंने कक्षा-3 के बच्चों से संवाद किया और ब्लैकबोर्ड पर स्वयं पढ़ाया। बच्चों के हिंदी-अंग्रेजी की किताब पढ़ने और सही जवाब देने पर उन्होंने पीठ थपथपाई। डीएम ने स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी और मिड-डे-मील की गुणवत्ता की भी जांच की।
इसके बाद डीएम पीएम श्री विद्यालय रोहता पहुंचे। वहां 14 सदस्यों का स्टाफ होने के बावजूद भारी अव्यवस्थाएं मिलीं। निरीक्षण में रसोई घर में राशन नहीं मिला। परिसर में गंदगी थी और लाखों की लागत से आई नई स्मार्ट टीवी व खेल सामग्री धूल फांकती मिली। बच्चे भी कक्षा के समय बाहर घूमते मिले। शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिड-डे-मील खाने से मना कर दिया।
प्रधानाध्यापिका के संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर डीएम ने उन्हें निलंबित करने के साथ ही मौके पर बीडीओ बरौली अहीर, एडीओ पंचायत और खंड शिक्षा अधिकारी को तलब कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बीएसए राकेश कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।