जिला अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे मरीज।
कासगंज। तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। सिर चकराने, बीपी गड़बड़ाने सहित अन्य समस्याएं सामने आने लगी हैं। ऐसे में घबराहट भी बढ़ रही है। उपचार और बचाव की सलाह लेने के लिए पीड़ित लोग जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सक उन्हें इलाज करने के साथ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह भी दे रहे हैं।बढ़ती गर्मी के कारण शरीर का तापमान बढ़ रहा है। ब्लड प्रेशर (बीपी) भी बढ़ रहा है। डिहाइड्रेशन के मामले भी बढ़ रहे हैं। लोग चक्कर आना, जी मिचलाना और सिरदर्द की शिकायत कर रहे हैं। जिला अस्पताल में शनिवार को कुल 1076 मरीज पहुंचे। पर्चा और दवा वितरण काउंटरों के अलावा चिकित्सकों के कक्ष सामने मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। इनमें बुखार के 271, सांस में दिक्कत के 282 तथा डायरिया के 33 मरीज आए। ब्लड प्रेशर की समस्या लेकर 80 मरीज पहुंचे। इसके अलावा अन्य बीमारियों के मरीज आए।